मथुरा में कच्छा-बनियान गैंग का खौफ! आधी रात दो गांवों में घुसे चार बदमाश, सोते लोगों को बाहर से बंद कर ले गए लाखों के जेवर

UP Crime News: मथुरा के फरह क्षेत्र में एक रात दो गांवों में चोरी की वारदातों से दहशत फैल गई. कच्छा-बनियान पहने चार बदमाशों ने घरों में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया.

UP Crime News: मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में नगला बीच और गढ़ी हीरा गांव में बुधवार रात चोरी की दो वारदातों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. पुलिस के मुताबिक, चार बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाया और जिन कमरों में परिवार के लोग सो रहे थे, उनकी बाहर से कुंडी लगा दी. इसके बाद बदमाश दूसरे कमरों में रखी अलमारियों से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए.

छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश

नगला बीच गांव में बदमाश देवी सिंह के मकान में छत के रास्ते दाखिल हुए. परिवार के सदस्य कमरों में सो रहे थे, इसी दौरान चोरों ने बाहर से दरवाजों की कुंडी लगा दी. इसके बाद उन्होंने अलमारी खोलकर करीब दो लाख रुपये नकद और ढाई लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी कर लिए. वारदात के बाद बदमाश वहां से निकलकर दूसरे गांव की ओर चले गए.

गढ़ी हीरा में भी बनाया दूसरे घर को निशाना

इसके बाद बदमाशों ने गढ़ी हीरा गांव में महावीर सिंह के घर को निशाना बनाया. यहां भी अलमारी में रखे करीब तीन से चार लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई है. घटना की भनक लगने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद बदमाश जंगल की तरफ भाग निकले. ग्रामीणों ने उनका पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए.

CCTV में कैद हुए संदिग्ध बदमाश

घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. एक कैमरे में चार संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए. फुटेज में वे कच्छा-बनियान पहने नजर आ रहे हैं और कुछ ने अपनी शर्ट या टी-शर्ट कमर में बांध रखी थी. पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और फिंगरप्रिंट जुटाए. गुरुवार सुबह सीओ रिफाइनरी प्रवीन कुमार तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से जानकारी ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश के लिए सर्विलांस तथा स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद ली जा रही है.

पांच पुलिस टीमें गिरफ्तारी में जुटीं

एक ही रात में दो गांवों के घरों में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने बदमाशों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई हैं. इनमें थाना फरह की दो टीमें, SOG, सर्विलांस और SWAT टीम शामिल हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. यह भी देखें: कानपुर में थाईलैंड-कंबोडिया वाली HBE बीमारी की दस्तक से मचा हड़कंप! गर्भवतियों में मिले मामले, बीटा थैलेसीमिया के साथ बार-बार चढ़ सकता है खून, जानें लक्षण

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >