UPPSC Lecturer Exam 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार, 6 सितंबर को मेरठ में किया जाएगा. परीक्षा के लिए जिले में कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा दो पालियों में होगी और अभ्यर्थियों को केंद्र पर प्रवेश से लेकर पहचान पत्र और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट से जुड़े नियमों का विशेष ध्यान रखना होगा.
दो पालियों में होगी परीक्षा, तय समय के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा की पहली पाली सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. पहली पाली के लिए केंद्र पर प्रवेश सुबह 7:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे से शुरू होगा. पहली पाली में सुबह 8:15 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 1:45 बजे परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और न ही किसी अधिकारी को इसमें छूट देने का अधिकार होगा.
परीक्षा शुरू होने से पहले पूरी होगी सत्यापन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों की मूल पहचान की जांच, उपस्थिति की निगरानी और बायोमीट्रिक सत्यापन परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले तक पूरा किया जाएगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को अंतिम समय में केंद्र पर पहुंचने से बचने की सलाह दी गई है. परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके उत्तर ओएमआर शीट पर देने होंगे.
ई-प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटो पहचान पत्र जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग का ई-प्रवेश पत्र और मूल फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाना होगा. पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मान्य होगा. इसके अलावा अभ्यर्थियों को दो फोटो, मूल पहचान पत्र और उसकी एक छायाप्रति भी साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं.
मोबाइल और डिजिटल घड़ी समेत इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाएगी. महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मी करेंगे. परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, डिजिटल घड़ी या परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी. तलाशी के दौरान हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल भी किया जाएगा.
दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार मिलेगा अतिरिक्त समय
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र अभ्यर्थियों को मांग के अनुसार श्रुतलेखक की सुविधा दी जाएगी. जिन अभ्यर्थियों ने श्रुतलेखक और अतिरिक्त समय की मांग की है, उन्हें नियमों के अनुसार 20 मिनट प्रति घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा. ऐसे अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, दो फोटो और पहचान पत्र साथ लाना होगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले ही जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और केंद्र तक पहुंचने का रास्ता देख लें, ताकि ट्रैफिक या अन्य कारणों से देरी न हो.
