तिलक कुमार/ UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है. आसमान में घने बादलों की आवाजाही के बीच मौसम विभाग ने शनिवार (4 जुलाई) के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. लखनऊ मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर झमाझम और भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
पश्चिमी यूपी का हाल
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और बस्ती सहित मध्य एवं अवध क्षेत्र के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.
क्या कहता है पूर्वांचल का मिजाज
पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही में भी अच्छी बारिश के आसार हैं. कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि तेज बारिश वाले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है.
मौसम विभाग ने किसानों से की अपील
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 जुलाई से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. ऐसे में पूर्वांचल, अवध और मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों में अगले दो-तीन दिनों तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: यूपी के रूद्र प्रताप कुशवाहा को तलवार से काटने की धमकी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
