UP Sports News: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र से पहले शुक्रवार से ट्रॉफी टूर अभियान की शुरुआत हो रही है. छह दिनों तक चलने वाले इस अभियान में लीग की ट्रॉफी लखनऊ के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगी. वहीं, लखनऊ फॉल्कंस के कप्तान भुवनेश्वर कुमार टीम कैंप से जुड़ गए हैं और पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला इस सीजन में कमेंट्री करते नजर आएंगे.
आज से शुरू होगा ट्रॉफी टूर अभियान
यूपी टी-20 लीग ट्रॉफी टूर का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में दोपहर 12:30 बजे होगा. लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर अभियान की शुरुआत करेंगे. इस दौरान आईपीएल स्टार समीर रिजवी और उत्तर प्रदेश रणजी टीम के पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल भी मौजूद रहेंगे और छात्रों से संवाद करेंगे. 12 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत ट्रॉफी राजधानी के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगी. डॉ. कपूर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लीग के प्रचार के साथ युवाओं को प्रदेश के सफल क्रिकेटरों से जोड़कर प्रेरित करना भी है.
भुवनेश्वर कुमार के जुड़ने से लखनऊ फॉल्कंस को मजबूती
यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की तैयारियों में जुटी लखनऊ फॉल्कंस टीम के साथ अनुभवी तेज गेंदबाज और कप्तान भुवनेश्वर कुमार भी जुड़ गए हैं. हालांकि बारिश के कारण गुरुवार को अभ्यास सत्र नहीं हो सका. टीम में प्रियम गर्ग, विप्रज निगम, आराध्य यादव, अभिनंदन सिंह और कृतज्ञ सिंह जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. टीम प्रबंधन के अनुसार खिलाड़ियों के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि मैच परिस्थितियों में बेहतर तैयारी के लिए अभ्यास मुकाबले भी कराए जाएंगे. लखनऊ फॉल्कंस अपना पहला मैच 15 अगस्त को इकाना स्टेडियम में गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ खेलेगी.
यूपी टी-20 लीग में कमेंट्री करेंगे पीयूष चावला
पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला इस बार मैदान पर खिलाड़ी नहीं, बल्कि कमेंटेटर की भूमिका में नजर आएंगे. 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू हो रहे यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लिए उन्हें कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है. उनके साथ चेतन शर्मा, सबा करीम, जतिन सप्रू, अशोक शर्मा और मनिंदर बिड़ला भी कमेंट्री करेंगे. वहीं, भोजपुरी कमेंट्री के लिए पूर्व क्रिकेटरों के नामों पर अभी विचार किया जा रहा है.
