UP में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, हर जिले में तैनात होंगे नोडल अधिकारी, रोज होगी रिपोर्टिंग

उत्तर प्रदेश सरकार 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने लाएगी. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसमें 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

UP News: उत्तर प्रदेश में सरकार अब अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर जनता के सामने रखने की तैयारी में है. इसके लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर होने वाले इस अभियान में प्रदेशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. खास बात यह होगी कि अभियान की प्रगति पर हर सप्ताह नजर रखी जाएगी.

विधानसभा से ग्राम पंचायत तक तैयार होगा डेटा

अभियान के लिए विभागों को अपनी प्रमुख परियोजनाओं और विकास कार्यों का पूरा ब्योरा तैयार करना होगा. यह डेटा विधानसभा क्षेत्र, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर जुटाया जाएगा. सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी भी इसी आधार पर तैयार होगी. विकास कार्यों के बदलाव को दिखाने के लिए ‘पहले और बाद’ के फोटो-वीडियो भी जुटाए जाएंगे.

CMIS पोर्टल पर रोज होगी रिपोर्टिंग

अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी रोजाना CMIS पोर्टल पर दर्ज करनी होगी. इसमें फोटो और वीडियो भी शामिल होंगे. ड्रोन फुटेज और रील्स का डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा. जिलों को कार्यक्रमों की समय-सारणी, स्थल, यात्रा रूट और व्यवस्थापन टीम पहले से तय करने के निर्देश दिए गए हैं.

12 कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी

अभियान में होने वाले 12 प्रमुख कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां पहले से तय होंगी. हर जिले में प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा. सभी प्रशासनिक विभागों को भी अपने नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्ययोजना और समय-सारणी तैयार करनी होगी. जरूरी बजट की व्यवस्था भी पहले से करने को कहा गया है.

मंडलायुक्त से जिलाधिकारी तक होगी साप्ताहिक समीक्षा

अभियान की निगरानी कई स्तरों पर की जाएगी. विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव अपने विभाग से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे. मंडलायुक्त मंडल के सभी जिलों और जिलाधिकारी अपने जिले की गतिविधियों की हर सप्ताह समीक्षा करेंगे. मुख्य विकास अधिकारी अभियान की गतिविधियों पर रोजाना नजर रखेंगे. अभियान के जरिए सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से हुए बदलावों को सामने रखने के साथ लोगों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास होगा.

Also Read: बुंदेलखंड समेत यूपी के 27 जिलों की बदलेगी तस्वीर, किशाऊ बांध से सिंचाई के लिए मिलेगा 3.721 अरब घन मीटर पानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >