यूपी में अगले 7 दिन भारी बारिश और वज्रपात का खतरा, आज-कल 33 जिलों में जलप्रलय जैसे हालात की चेतावनी

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून आफत बनकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने 33 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून अब राहत नहीं, बल्कि कई इलाकों में आफत का संकेत देता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 33 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि दर्जनों जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. पिछले 24 घंटों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. बाराबंकी में रिकॉर्ड वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई जिलों से जलभराव और हादसों की खबरें सामने आई हैं. आकाशीय बिजली, तेज आंधी और लगातार बरसात के बीच अगले कुछ दिन प्रदेशवासियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा.

यूपी के 33 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में गरज-चमक के साथ अतिभारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 34 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट भी प्रभावी है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में कमजोर निर्माण, पेड़ और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है.

यूपी में अगले सात दिन बारिश का दौर रहेगा जारी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार 20 से 26 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 20 और 21 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी यूपी में कई जगहों पर तेज बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.


पूर्वांचल और तराई में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना

बारिश और बिजली गिरने का सबसे अधिक खतरा पूर्वांचल, तराई और मध्य यूपी के जिलों में बताया गया है. गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर समेत कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों को खुले खेतों में काम करने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

बाराबंकी में रिकॉर्ड बारिश, कई शहरों में जलभराव

यूपी के कई जिलों में रविवार को हुई बारिश ने मानसून की ताकत का एहसास करा दिया. बाराबंकी में सबसे अधिक 118.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा बांदा में 85.6 मिमी, श्रावस्ती में 79.4 मिमी, हमीरपुर में 70 मिमी और रामपुर में 68.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार बारिश के कारण कई शहरों और कस्बों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात और दैनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं.

अगले चार दिन सतर्क रहने की जरूरत

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. लगातार सक्रिय मानसून के चलते आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

यह भी पढ़ें: बारिश के बीच ढही कच्चे मकान की छत, मुजफ्फरनगर में पिता और 4 बच्चों की दर्दनाक मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >