UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में अराजकता, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का माहौल था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी नहीं मिलती थी, जबकि आज प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए लाखों युवाओं को रोजगार दिया गया है.
सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा शासनकाल में नौकरी का विज्ञापन निकलते ही "भतीजा और चाचा की जोड़ी" वसूली के लिए निकल पड़ती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार हावी था, जिसके कारण योग्य युवा खुद को ठगा हुआ महसूस करते थे. उनके मुताबिक उस दौर में शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी.
दंगों और माफिया राज का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश के कई जिलों में लगातार दंगे होते थे. उन्होंने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, अलीगढ़, एटा, मथुरा, लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज का जिक्र करते हुए कहा कि दंगों ने उत्तर प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाया. साथ ही आरोप लगाया कि हर जिले में बालू, भूमि, वन और पशु माफिया सक्रिय थे तथा थानों और तहसीलों पर सपा समर्थित लोगों का प्रभाव था.
सरकारी नौकरियों और कानून व्यवस्था का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में उत्तर प्रदेश माफिया, गुंडाराज और कर्फ्यू से मुक्त हुआ है. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं. योगी ने कहा कि यदि कोई युवाओं के हितों के साथ खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ जेल की कार्रवाई होगी और अवैध संपत्ति जब्त कर गरीबों के हित में उपयोग की जाएगी.
Must Read- 'यह खुदकुशी नहीं हत्या है', मणिपुर से लखनऊ तक CRPF जवान की मौत पर भड़का परिवार, लखनऊ में हाईवे जाम
