झांसी में पहले ड्रग्स का सैंपल मंगाया, फिर कार में बनाया बंधक... पुलिस का डर दिखाकर वसूली के खेल में परवेज की मौत, सिपाही समेत 8 गिरफ्तार

UP Crime: झांसी में एलएलबी छात्र परवेज अली की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. प्रेमनगर थाने के सिपाही समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने ड्रग्स के सैंपल के बहाने छात्र को बुलाया और फिर पैसे वसूलने के लिए उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.

UP Crime: झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय एलएलबी छात्र परवेज अली की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में प्रेमनगर थाने में तैनात सिपाही आशीष सिंह समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, परवेज को ड्रग्स के सैंपल के बहाने बुलाया गया था. इसके बाद उसे कार में बैठाकर कथित तौर पर रुपये वसूलने के लिए डराया-धमकाया गया. इसी दौरान मारपीट हुई, जिसमें उसकी मौत हो गयी.

13 सितंबर को गंभीर हालत में मिला था परवेज

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को परवेज गंभीर हालत में नगरा हाट मैदान में मिला था. उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में मामला हादसे से जुड़ा माना जा रहा था. पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की. मृतक के पिता की शिकायत पर 16 सितंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.

ड्रग्स के सैंपल के बहाने बुलाने का आरोप

एसएसपी विकास कुमार के अनुसार, जांच में सामने आया कि परवेज ड्रग्स की सप्लाई से जुड़ा था. पुलिस का कहना है कि साहिल नाम के व्यक्ति ने उसे ड्रग्स का सैंपल लेकर बुलाया था. परवेज सुकुवा-ढुकुवा कॉलोनी पहुंचा, जहां से उसे कार में बैठाया गया. उसके साथ दो अन्य वाहन भी चल रहे थे. पुलिस के अनुसार, कार में परवेज का वीडियो बनाने और उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर रुपये वसूलने की योजना थी. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कार के अंदर मारपीट शुरू हो गयी. मारपीट के दौरान परवेज गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में कार से उतरते समय वह गिर गया और उसके सिर में भी चोट लगी.

सिपाही समेत आठ गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में प्रयांश, जय श्रीवास्तव, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र वंशकार, यश शिवहरे, अर्शिल खान, शनि नामदेव और सिपाही आशीष सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन कार और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

चार अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार, मामले में चार अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है. पुलिस ने मोबाइल सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया. शरीर पर मिले चोट और दांत से काटने के निशानों को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में सिपाही की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है. अब जांच कथित वसूली के नेटवर्क और फरार आरोपियों तक पहुंचने पर केंद्रित है.

यह भी पढ़ें: UP Expressway: 7.5 घंटे में गोरखपुर, 6 घंटे में लखनऊ और 8 घंटे में सिलीगुड़ी, 700 KM का एक्सप्रेसवे बदल देगा यूपी की कनेक्टिविटी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >