UP News: प्रयागराज डिप्टी सीएम का ऐलान- छात्रों की भूल होगी माफ, लेकिन हिंसा और तोड़फोड़ करने वालों को नहीं मिलेगी कोई रियायत; फर्जी नाम वाले ढाबों पर भी कसेगा शिकंजा.उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पेपर लीक आंदोलन में शामिल छात्रों से हुई गलती को सरकार माफ करने के लिए तैयार है. हालांकि उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि आंदोलन की आड़ में समाजवादी पार्टी या किसी अन्य दल से जुड़े असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ और उपद्रव किया है तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
युवाओं के भविष्य पर सरकार का फोकस, हिंसा करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
मौर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है. यदि किसी छात्र से भावावेश में कोई गलती हुई है तो उसे सुधार का अवसर मिलेगा, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी. पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है .उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज चिंताओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाएगा, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी .
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर सख्ती, छात्र आंदोलन से जुड़े घटनाक्रम की होगी गहन जांच
रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्ग पर फर्जी नाम से संचालित होने वाले ढाबों को बंद कराया जाएगा.उल्लेखनीय है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था.इसी क्रम में 25 जुलाई को प्रयागराज में वाहनों में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है. यदि किसी छात्र से अनजाने में गलती हुई है तो सरकार उसे माफ करेगी, लेकिन यदि किसी सपाई या अन्य दल के गुंडों ने हिंसा और तोड़फोड़ की है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में सभी तीज-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं. अब किसी में दंगा-फसाद करने का साहस नहीं है और कांवड़ यात्रा भी पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है.
Input: Shashank Mishra
Also Read: कुर्सी गई, लेकिन नहीं झुके CM, इंदिरा गांधी के दौर में यूपी की सबसे चर्चित सियासी कहानी
