बेटे के भेष में साधु बनकर पहुंचे ठग... फिर मांगे लाखों रुपये, परिवार वालों से बोला- पैसे नहीं दिए तो बीमारी और बर्बादी होगी

UP News: सोनभद्र में 13 साल से लापता युवक के परिवार के साथ ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. साधु बनकर आए आरोपियों ने घर वापसी के नाम पर लाखों रुपये मांगे। पुलिस ने पर्दाफाश कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

UP News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 13 साल से लापता एक युवक के नाम पर उसके ही परिवार को ठगने की कोशिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोपियों ने खुद को परिवार के लापता बेटे का रूप बताकर उन्हें भरोसे में लिया और उसकी घर वापसी के लिए गुरु दक्षिणा व करीब 4 हजार लोगों के भंडारे के नाम पर छह लाख रुपये की मांग कर दी. परिवार ने उनकी बातों पर भरोसा करते हुए अपनी संपत्ति तक गिरवी रख दी और एक लाख रुपये भी भेज दिए. हालांकि, पुलिस की जांच में पूरा मामला ठगी की साजिश निकला और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

13 साल पहले घर से लापता हुआ था युवक

मामला सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, करीब 13 साल पहले एक परिवार का लगभग 13 वर्षीय बेटा लापता हो गया था. इतने लंबे समय बाद परिवार को उम्मीद जगी कि उनका बेटा वापस मिल सकता है. इसी भावनात्मक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपियों ने परिवार को अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई.

नाग पंचमी पर घर पहुंचे साधु, खुद को बताया लापता बेटा

नाग पंचमी के दौरान दो लोग साधु के वेश में सिंगरौली जिले के पिपरझर स्थित परिवार के घर पहुंचे. इनमें से एक ने खुद को परिवार का वही बेटा बताया, जो करीब 13 साल पहले लापता हुआ था. उसने परिवार और रिश्तेदारों से जुड़ी कई ऐसी बातें बताईं, जिससे उन्हें उसके दावे पर भरोसा होने लगा. इसके बाद परिवार को विंध्याचल बुलाया गया. वहां कथित तौर पर युवक ने अपने शरीर पर मौजूद कुछ निशान दिखाकर परिवार को अपनी पहचान का भरोसा दिलाने की कोशिश की. परिवार ने उसे अपना लापता बेटा मान लिया और उसे घर वापस ले जाने की इच्छा जताई.

घर लौटने के लिए रखी गुरु दक्षिणा की शर्त

आरोपियों ने इसके बाद परिवार के सामने एक नई शर्त रख दी. कथित तौर पर युवक ने कहा कि वह अपने गुरु की अनुमति के बिना घर वापस नहीं जा सकता. बाद में घर लौटने के लिए गुरु दक्षिणा और करीब 4 हजार लोगों को चार बार भोजन कराने की बात कही गई. इसके लिए परिवार से छह लाख रुपये मांगे गए. परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कही तो कथित तौर पर रकम घटाकर पांच लाख रुपये करने की बात कही गई. परिवार आरोपियों के झांसे में आ गया और पैसे जुटाने के लिए अपनी संपत्ति तक गिरवी रख दी.

एक लाख रुपये भेजे, फिर पुलिस को हुआ शक

परिवार ने आरोपियों को एक लाख रुपये भेज भी दिए. इसके बाद भी कथित तौर पर उनसे बाकी रकम की मांग जारी रही. इसी बीच मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची और जांच शुरू हुई. पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया मामले का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरा गोसाईं, सिंटू, सेहलू उर्फ सेलू और मंगल प्रसाद के रूप में हुई है. मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार को पता चला कि जिस व्यक्ति को वे 13 साल से लापता अपना बेटा समझ रहे थे, उसके नाम पर उनके साथ ठगी की साजिश रची गई थी. मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

Must Read: UP Railway Recruitment: सरकारी नौकरी का अब इंतजार खत्म! रेलवे में 560 पदों पर भर्ती, इस तारीख से खुलेगा फॉर्म, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >