आगरा में निर्माणाधीन मकान का हिस्सा ढहा, मलबे में दबे 4 लोग, महिला की मौत

UP News: आगरा के लोहामंडी स्थित कटघर इलाके में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से चार लोग मलबे में दब गए. हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

UP News: आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र के कटघर इलाके में बुधवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक गिरने से चार लोग मलबे में दब गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया. तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 50 वर्षीय मुन्नी देवी की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.

बातचीत के दौरान अचानक ढह गया छज्जा

जानकारी के मुताबिक, कटघर निवासी मुन्नी देवी शाम को किसी काम से बाजार गई थीं. लौटते समय वह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित मवासी लाल के निर्माणाधीन मकान के बाहर रुक गईं. वहां वह मानसी के परिवार की एक महिला से छज्जे के नीचे खड़े होकर बातचीत कर रही थीं. उसी दौरान मकान का आगे का हिस्सा, जिसमें निर्माणाधीन छज्जा भी शामिल था वह अचानक गिर पड़ा.

ऊपर काम कर रहे मजदूर भी मलबे में दबे

हादसे के समय छज्जे के ऊपर एक महिला और एक मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे. छज्जा गिरते ही चारों लोग मलबे में दब गए और चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए मलबा हटाना शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. मुन्नी देवी को भी मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थीं. घायल मुन्नी देवी को तत्काल अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है.

बाजार गई थीं मुन्नी देवी, देर तक घर नहीं लौटीं

मृतका के बेटे दीपक ने बताया कि उनकी मां शाम को बाजार गई थीं. काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान छज्जा गिरने की जानकारी मिली. मौके पर पहुंचने पर उनकी मां बेहोशी की हालत में मिलीं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, वह पहले से ही काफी जर्जर था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Must Read- लखनऊ में बनेगी देश की पहली नाइट सफारी, सुप्रीम कोर्ट से मिली मंजूरी, 1500 करोड़ आयेगा खर्च


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Komal Agarwal

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >