UP News: मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की है. 30 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से गोवर्धन और मथुरा के लिए एक हजार स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और समय पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है.
प्रमुख स्टेशनों और बस अड्डों से मिलेगी सीधी सुविधा
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से श्रद्धालुओं के लिए सीधे गोवर्धन और मथुरा तक विशेष बसें चलाई जाएंगी. इससे दूर-दराज के जिलों से आने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान कम परेशानी होगी और उन्हें बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी.
भीड़ बढ़ने पर तुरंत बढ़ाई जाएगी बसों की संख्या
मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त रिजर्व बसों की भी व्यवस्था की है. किसी भी रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इन बसों को तत्काल संचालन में लगाया जाएगा, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े और परिवहन व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
24 घंटे रहेगी निगरानी, यात्री सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
मेले के दौरान बस संचालन और यात्री सुविधाओं की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, समयबद्ध यात्रा और बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें.
Must Read- लखनऊवासियों को नया तोहफा, 16.52 करोड़ से हो रहा मानकनगर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प
