UP News: मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम नशे में धुत एक अग्निवीर पर जमकर उत्पात मचाने का आरोप है. आरोप है कि उसने रेस्टोरेंट के बाहर तेज रफ्तार में कार चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी. मौके पर पहुंची पुलिस से भी उसने कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कार से कई वाहनों को मारी टक्कर
बताया गया कि मेरठ छावनी में तैनात अग्निवीर यश तोमर रविवार शाम एक साथी के साथ रेस्टोरेंट के बाहर कार में बैठकर शराब पी रहा था. आरोप है कि नशे की हालत में उसने कार को तेज रफ्तार में रेस्टोरेंट के बाहर घुमाया और अनुराग, कंकरखेड़ा निवासी विभा शर्मा समेत एक अन्य युवक की कार को टक्कर मार दी. इस दौरान कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए.
रेस्टोरेंट में कार घुसाने की कोशिश का आरोप
आरोप है कि इसके बाद यश ने कार को रेस्टोरेंट के अंदर घुसाने की कोशिश की. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह कार को रोक लिया. सूचना मिलने पर पीआरवी 5873 की टीम पहुंची. हेड कांस्टेबल प्रवेश, हेड कांस्टेबल संजय और चालक परविंदर ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी और चालक परविंदर की वर्दी फाड़ दी.
दारोगा का गला दबाने का भी आरोप
इसके बाद हाईवे चौकी से दारोगा रुस्तम खान और कांस्टेबल फारुख मौके पर पहुंचे. आरोप है कि यश ने दारोगा रुस्तम खान का गला भी दबाने की कोशिश की. बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सेना पुलिस को दी गई सूचना
पुलिस क्षेत्राधिकारी शिव ठाकुर ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम एक फौजी द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता किए जाने का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था. जांच में घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की पाई गई. उन्होंने बताया कि युवक के नशे में होने की बात सामने आई है और उसे हिरासत में लिया गया है. मामले की जानकारी सेना पुलिस और सैन्य अधिकारियों को भी दे दी गई है.
Must Read- जमीन के लिए हैवान बना पति! पत्नी के हाथ-पैर बांधे, प्राइवेट पार्ट में करंट लगाकर उतारा मौत के घाट
