"250 रुपये किस बात के?" लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों से वसूली का आरोप, शिकायत के बाद जांच के आदेश

Lucknow Airport News: लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों से वीजा प्रिंट और डॉक्यूमेंट जांच के बहाने 250 वसूलने का मामला सामने आया है. इस गंभीर आरोप के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं.

Lucknow Airport News: राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों से दस्तावेज जांच के नाम पर 250 रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. बहराइच निवासी मुकीम से 12 सितंबर को दुबई रवाना होने के दौरान वीजा का प्रिंट निकालने और पेपर जांच के नाम पर 250 रुपये लिए गए. मुकीम के दुबई पहुंचने के बाद उनके परिचित विकास सिंह ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

वीजा का प्रिंट निकालने के नाम पर लिए 250 रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक, मुकीम मजदूरी करने के लिए 12 सितंबर को लखनऊ से दुबई जा रहे थे. चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर इमिग्रेशन विभाग को उनके वीजा को लेकर कुछ संदेह हुआ. विभाग ने उन्हें वीजा का प्रिंट निकलवाकर लाने को कहा. इसके बाद प्रस्थान गेट के पास स्थित एक बूथ पर उन्होंने वीजा का प्रिंट निकलवाया. आरोप है कि बूथ पर मौजूद निजी एजेंसी के कर्मचारी ने पेपर जांच और एक पेज का प्रिंट निकालने के नाम पर उनसे 250 रुपये ले लिए.

रसीद मिली, लेकिन शुल्क का मद नहीं बताया

मुकीम ने भुगतान की रसीद मांगी तो उन्हें सादे कागज पर लिखकर रसीद दी गई. हालांकि, उस पर यह स्पष्ट नहीं किया गया कि 250 रुपये किस मद में लिए गए हैं. मुकीम दुबई पहुंच गए, जिसके बाद उनके परिचित विकास सिंह ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.

हर दिन हजारों यात्री करते हैं अंतरराष्ट्रीय यात्रा

लखनऊ एयरपोर्ट से इस समय प्रतिदिन करीब 100 से 110 विमानों का आवागमन होता है. इनमें 12 से 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाली विमान सेवाएं शामिल हैं. रोजाना करीब 17 हजार यात्री लखनऊ से रवाना होते हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों के करीब 2200 से 2500 यात्री दुबई, अबूधाबी और रियाद की यात्रा करते हैं.

प्रिंट का शुल्क 100 रुपये, जांच के नाम पर वसूली का आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर श्रमिक यात्रियों को वीजा, पासपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय यात्रा के नियमों की पूरी जानकारी नहीं होती. इसी का फायदा उठाकर अधिक रकम वसूलने का आरोप है. लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने एके एजेंसीज नाम की संस्था को यात्रियों की आईडी और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों का प्रिंट देने के लिए प्रस्थान गेट के पास बूथ आवंटित किया है. यहां प्रति पेज प्रिंट निकालने का शुल्क 100 रुपये तय है. आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी प्रिंट के साथ दस्तावेज जांच के नाम पर 250 रुपये लेते हैं. इस साल मई से अब तक आठ यात्रियों ने दस्तावेज जांच के नाम पर 250 रुपये वसूलने की शिकायत दर्ज कराई है.

एयरपोर्ट प्रबंधन ने क्या कहा

एयरपोर्ट प्रबंधन के प्रवक्ता के अनुसार, निजी एजेंसी को यात्रियों की आईडी और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों का प्रिंट निकालने के लिए स्थान दिया गया है और उसकी सेवा का शुल्क निर्धारित है. तय शुल्क से अधिक रकम लेने की शिकायतों की जांच की जा रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Must Read: ताजमहल के पास रिसॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में 8 दिन का अल्टीमेटम! पुलिस ने छाना चप्पा-चप्पा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >