UP News: राजधानी में किफायती घर का सपना देखने वाले परिवारों के लिए राहत की खबर है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अनंत नगर और शारदा नगर विस्तार योजना में अदिति और बागेश्वरी अपार्टमेंट के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. दोनों परियोजनाओं में कुल 2640 फ्लैट बनाए जाएंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 बीएचके फ्लैट की कीमत 8.99 लाख रुपये रखी गई है.
2640 फ्लैट बनेंगे, मध्यम वर्ग के लिए भी विकल्प
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, अदिति और बागेश्वरी अपार्टमेंट में प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ मध्यम आय वर्ग के लिए भी दो बेडरूम वाले फ्लैट बनाए जाएंगे. पीएम आवास के तहत मिलने वाले फ्लैट की कीमत 8.99 लाख रुपये होगी, जबकि राज्य और केंद्र सरकार की ओर से 2.50 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है.
अनंत नगर में 14 मंजिला होगा अदिति अपार्टमेंट
अनंत नगर आवासीय योजना में अदिति अपार्टमेंट 14 मंजिला बनाया जाएगा. इसमें पांच टावर होंगे. परियोजना में 1 BHK प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैट की कीमत 8.99 लाख रुपये निर्धारित की गई है. वहीं, दो बेडरूम वाले फ्लैट की कीमत 34.82 लाख रुपये होगी.
पीजीआई के पास बनेगा 12 मंजिला बागेश्वरी अपार्टमेंट
शारदा नगर विस्तार योजना में पीजीआई के पास बागेश्वरी अपार्टमेंट का निर्माण होगा. यह 12 मंजिला परियोजना होगी, जिसमें कुल 1248 फ्लैट बनाए जाएंगे. इनमें 312 फ्लैट पीएम आवास योजना और 936 फ्लैट दो बेडरूम श्रेणी के होंगे. 1 बीएचके की कीमत 8.99 लाख और दो बेडरूम फ्लैट की कीमत 34.90 लाख रुपये तय की गई है.
पहली बार पीएम आवास परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं
एलडीए इन परियोजनाओं को मिनी टाउनशिप की तर्ज पर विकसित करेगा. परिसरों में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक केंद्र, किराना स्टोर, मेडिकल शॉप, मिल्क बूथ और एटीएम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परिसर से बाहर जाने की जरूरत कम होगी.
मोहनलालगंज में 4500 एकड़ में विकसित होंगी दो योजनाएं
उधर, मोहनलालगंज क्षेत्र में आवास एवं विकास परिषद की दो बड़ी आवासीय योजनाओं को भी जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है. योजना संख्या-1 और योजना संख्या-3 के लिए करीब 4500 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. दोनों योजनाओं में करीब तीन लाख आवास बनाए जाने का लक्ष्य है, जिससे 10 लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी. किसानों से चर्चा पूरी होने के बाद अब भूमि का मूल्य तय कर सहमति के आधार पर जमीन जुटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
25 हजार करोड़ रुपये से विकसित होगा आधुनिक शहर
आवास एवं विकास परिषद के अनुसार, दोनों योजनाओं को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. आंतरिक सड़कें चार लेन और मुख्य मार्ग छह लेन के होंगे. सड़क, जलापूर्ति, सीवर, पार्क, संस्थागत और व्यावसायिक सुविधाओं समेत बुनियादी ढांचे के विकास पर करीब 25 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और सुलतानपुर रोड के निकट होने से यह इलाका भविष्य में लखनऊ के बड़े आवासीय केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है.
Also Read: UP में ऑनलाइन शॉपिंग का चौंकाने वाला खेल, कार का पार्ट मंगाया तो पैकेट में निकली मिट्टी, VIDEO वायरल
