UP News: लखनऊ में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है. लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट एक अगस्त से राजाजीपुरम बस स्टेशन से बीबीडी तक एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है. इस नई सुविधा से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को शहर के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से के बीच सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा.
15 एसी ई-बसें इस रूट पर करेंगी संचालन
दुबग्गा सिटी बस डिपो के एआरएम डीके गर्ग के अनुसार, इस रूट पर 15 एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी. बसों का संचालन प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक होगा. यात्रियों को हर 30 से 45 मिनट के अंतराल पर बस मिलेगी. इस मार्ग पर कुल 12 बस स्टॉप बनाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुविधा मिल सके.
मेट्रो से अलग क्षेत्रों को जोड़ेगा नया रूट
सिटी ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पहले संचालित मार्ग संख्या-7 पर यात्रियों की संख्या कम थी और उसका अधिकांश हिस्सा मेट्रो रूट से मेल खाता था. इसी वजह से उस सेवा को बंद कर अब नया रूट तैयार किया गया है, जो मेट्रो से नहीं जुड़े इलाकों को सीधे जोड़ता है. इस नई व्यवस्था से प्रतिदिन करीब तीन हजार यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
45 रुपये तक होगा अधिकतम किराया
नई बस सेवा का किराया दूरी के अनुसार तय किया गया है. राजाजीपुरम से चारबाग तक 15 रुपये, जीपीओ और सिकंदरबाग तक 20 रुपये, बालू अड्डा तक 25 रुपये, लोहिया पार्क और बीबीडी अकादमी तक 30 रुपये, पत्रकारपुरम तक 35 रुपये, गोमतीनगर हैनीमैन और कठौता झील तक 40 रुपये तथा मटियारी तिराहा और बीबीडी कॉलेज तक अधिकतम 45 रुपये किराया निर्धारित किया गया है. इससे यात्रियों को किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा.
