UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि बारिश के दौरान वह खुद नाली साफ कर रहे थे. मुख्यमंत्री और सांसद के बीच हुई इस मजाकिया बातचीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
रवि किशन पर सीएम की चुटकी, मंच पर छाया हल्का-फुल्का अंदाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्होंने एक दिन रवि किशन को बारिश के पानी में उतरकर अपने हाथों से नाली साफ करते देखा था. इस पर उन्होंने सांसद से कहा था कि अतिक्रमण हटवा दीजिए, पानी अपने आप निकल जाएगा. मुख्यमंत्री ने रवि किशन की ओर से दिए गए भोज का भी जिक्र किया. जब कुछ लोगों ने हाथ उठाकर भोजन करने की बात कही तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लगता है केवल चार लोगों को ही भोजन मिला. इस पर रवि किशन ने जवाब दिया कि पूरे क्षेत्र के लोगों को भोजन कराया गया था.
विकास कार्यों की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के पहले 2.658 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया, जिससे बड़ी आबादी को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा उन्होंने करीब 995 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकास की रफ्तार को तेज करता है और क्षेत्र में निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करता है.
जल संरक्षण और स्वच्छता पर दिया जोर, विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने लोगों से जल संरक्षण, स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि नालों और नालियों पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे जलभराव और बीमारियों का खतरा बढ़ता है. अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में दंगे, अपराध और भेदभाव का माहौल था, जबकि वर्तमान सरकार विकास, कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है.
995 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने टीपीनगर-पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक फोरलेन सड़क, एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग और पुलिस हॉस्टल समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया. वहीं, श्रमजीवी महिला छात्रावास, साइंस म्यूजियम, अंडरपास, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और विभिन्न सीसी रोड व नाली निर्माण कार्यों सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया.
Must Read- मातृत्व अवकाश का हकदार कौन? इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किए नियम, कर्मचारियों को मिलेगी राहत
