UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा और संभल जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे दोनों जिलों में कुल 776.49 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. संभल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भूमिहीन परिवारों को कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी जमीन के पट्टे भी वितरित किए जाएंगे.
अमरोहा में जनसभा के साथ विकास परियोजनाओं की शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:45 बजे अमरोहा स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के हेलिपैड पर पहुंचेगा. वहां से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल जाएंगे. दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक जनसभा को संबोधित करने के साथ 207.49 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद कुछ समय आरक्षित रखा गया है. मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से संभल के लिए रवाना होंगे.
संभल में 569 करोड़ की परियोजनाओं को मिलेगी मंजूरी
दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री संभल जिले के बहजोई के निकट फत्तेहपुर शरीफनगर स्थित प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के मैदान में पहुंचेंगे. यहां 3:15 बजे से 4:15 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में संभल, चंदौसी, गुन्नौर और असमोली विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
भूमिहीन परिवारों को मिलेंगे जमीन के पट्टे
संभल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी जमीन के पट्टे भूमिहीन परिवारों को सौंपेंगे. इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे.
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए दोनों जिलों में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
Also Read: हापुड़ सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, 2 की मौत
