UP News: अयोध्या में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब लंच के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. सम्मेलन में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलने लगे. पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी और दोनों पक्ष पुलिस थाने पहुंच गए.
रोटी को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित बूथ अध्यक्ष प्रशिक्षण सम्मेलन की है. कार्यक्रम में हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज और मिल्कीपुर मंडलों के बूथ अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे. दोपहर के भोजन के दौरान रोटी को लेकर कार्यकर्ताओं और भोजन व्यवस्था से जुड़े लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गई.
पदाधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने
बताया गया कि अमानीगंज मंडल महामंत्री सर्वेश तिवारी और नगर पंचायत कुमारगंज के सभासद रवि सिंह के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे. मौके पर मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ.
दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस कर रही जांच
मारपीट के बाद दोनों पक्ष कुमारगंज थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी. सर्वेश तिवारी ने रवि सिंह और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया, जबकि रवि सिंह ने भी सर्वेश तिवारी पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया. थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
Must Read- मंच पर चला CM योगी और रवि किशन का जुगलबंदी, ठहाकों के बीच गोरखपुर को मिली 995 करोड़ की सौगात
