पुलिस ने सोमवार (8 जून) को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है. पीड़िता ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2015-16 में मॉडलिंग के सिलसिले में मुंबई जाने के दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी युवक वसील से हुई थी. युवक ने उसे मॉडलिंग में आगे बढ़ाने और बाद में शादी करने का भरोसा दिया था.
आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आर्थिक रूप से भी उसका शोषण किया. पीड़िता का दावा है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस में शिकायत करने पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई.
आरोपी ने बहाना बनाकर युवती से करीब 50 लाख रुपये लिये
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बहाना बनाकर उससे करीब 50 लाख रुपये लिये. युवती ने यह भी दावा किया है कि उसके तीन बार गर्भपात कराए गए. सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि सोमवार को थाना सरधना में तहरीर प्राप्त हुई है. तहरीर देने वाली लगभग 28 वर्षीय युवती ने बताया कि वह वर्ष 2015 में मॉडलिंग के लिए सरधना से मुंबई गई थी, जहां उसकी मुलाकात सरधना क्षेत्र के ही युवक वसील से हुई. उन्होंने बताया कि युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उससे पैसे भी ली.
दोनों लंबे समय तक मुंबई में साथ रहे
अभिजीत कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर थाना सरधना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. धर्म परिवर्तन के आरोप के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है. प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि दोनों लंबे समय तक मुंबई में साथ रहे थे. अब युवती ने मेरठ में शिकायत दी है, जिसके सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
