UP News : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी के महज 24 घंटे के भीतर नवविवाहिता के घर से फरार होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दुल्हन अपने साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर चली गई. घटना के बाद दूल्हे ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और शादी कराने वाले लोगों के जरिए मामले की जांच कर रही है. मामला सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी गांव का है. पीड़ित दूल्हे विनोद के मुताबिक, उसने रामपुर स्थित एक मंदिर में पंडित के माध्यम से शादी की थी. शादी के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर गांव पहुंचा था. लेकिन शादी के अगले ही दिन रात में वह घर से अचानक गायब हो गई.
मंदिर के पंडित के जरिए तय हुई थी शादी
पीड़ित विनोद ने पुलिस को बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले उसकी मुलाकात रामपुर के एक मंदिर के पंडित से हुई थी. इसी पंडित के माध्यम से उसकी शादी की बात तय हुई थी. विनोद के मुताबिक, शादी के सिलसिले में लड़की की मां को करीब एक लाख रुपये नकद भी दिए गए थे. इसके बाद रामपुर के मंदिर में दोनों की शादी कराई गई और वह अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर घर लौट आया.
एक रात और एक दिन बाद घर से गायब
शादी के बाद नवविवाहिता अपने ससुराल में करीब एक रात और एक दिन रही. परिवार के मुताबिक, दूसरी रात जब घर के सभी लोग सो रहे थे, तभी वह मौका देखकर घर से निकल गई. आरोप है कि जाते समय वह अपने साथ पहने हुए सोने-चांदी के जेवर और घर में रखी नगदी भी ले गई. सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो दुल्हन को घर में नहीं पाया गया. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
CCTV में घर से निकलती दिखी महिला
दुल्हन की तलाश के दौरान पुलिस को इलाके का सीसीटीवी फुटेज मिला है. फुटेज में एक महिला तेज कदमों से जाती हुई दिखाई दे रही है. पुलिस इस फुटेज को जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे की पड़ताल कर रही है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने के साथ ही शादी कराने वाले पंडित और अन्य संबंधित लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद पीड़ित दूल्हा सिंभावली थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शादी के लिए संपर्क कराने वाले लोगों और कथित तौर पर इसमें शामिल बिचौलियों से भी पूछताछ की जा सकती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दुल्हन के घर से जाने के पीछे की वास्तविक वजह और उसके साथ गए जेवर व नगदी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
Also read : सपा विधायक ने कहा- मां का दूध पिया है तो हराओ, BJP के नेता बोले, हरा दूंगा
