UP Flood: बलिया में बाढ़ के पानी ने मचाया मातम, नहाने गए चार युवक डूबे; अनीश और गोलू की मौत, दो को बचाया गया जिले में गंगा नदी की बाढ़ के पानी में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. दुबहर थाना क्षेत्र के टेकार पुलिया के पास बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान चार युवक डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अनीश अंसारी (16) और गोलू गोड (17) गहरे पानी में समा गये. सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बरामद कर लिये गये. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
दो बाइक से पांच दोस्त पहुंचे थे टेकार पुलिया
मिली जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर गांव के पांच दोस्त रविवार को दो बाइक से टेकार पुलिया के पास पहुंचे थे. यह पुलिया दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर है. युवकों ने बाइक खड़ी की. इसके बाद चार दोस्त बाढ़ के पानी में नहाने के लिए उतर गये, जबकि एक दोस्त बाहर ही खड़ा रहा.
अचानक डूबने लगे चारों युवक
बताया गया कि बाढ़ के पानी में नहाते समय अचानक चारों युवक डूबने लगे. यह देखकर बाहर खड़े दोस्त ने शोर मचाना शुरू कर दिया. उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की तत्परता से दो युवकों को पानी से बाहर निकाल लिया गया. लेकिन अनीश और गोलू का पता नहीं चल सका. दोनों गहरे पानी में डूब गये थे.
पुलिस के बाद मौके पर पहुंची NDRF की टीम
घटना की सूचना मिलते ही दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. कुछ देर बाद एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी. टीम ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद अनीश और गोलू के शव पानी से बरामद कर लिये गये. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
अनीश और गोलू की मौत से परिवार में कोहराम
मृतकों की पहचान अनीश अंसारी (16) और गोलू गोड (17) के रूप में हुई है. दोनों रघुनाथपुर, बलिया के रहने वाले थे. अनीश, चुन्नू अंसारी का बेटा था, जबकि गोलू अजय कुमार का पुत्र था. घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गये. अपनों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हादसे के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
बाढ़ के पानी में छिपा था मौत का खतरा
गंगा नदी के बाढ़ के पानी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर लापरवाही के खतरे को सामने ला दिया है. पानी की सतह शांत दिखाई देने के बावजूद उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. ऐसे में बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान चार युवकों का डूबना बेहद दर्दनाक हादसा है. ग्रामीणों की तत्परता से दो युवकों की जान बच गयी, लेकिन दो किशोरों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
यह भी पढ़ें: UP Flood: यूपी में बाढ़ का विकराल रूप! 26 जिलों में 3.53 लाख लोग प्रभावित, बलिया के 48 गांव पानी में, आज फिर बारिश का अलर्ट
