'मुआवजा नहीं मिला तो फांसी लगा लेंगे' गौशाला की लापरवाही से भड़के किसान, ट्रैक्टर लगाकर Highway जाम

शाहजहांपुर में आवारा गोवंशों ने किसानों की फसलें बर्बाद कर दी हैं. नाराज किसानों ने मुआवजे की मांग और गोशालाओं की व्यवस्था में सुधार के लिए कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे जाम करने का प्रयास किया. स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

UP Farmers Protest: शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में खुले में घूम रहे आवारा गोवंशों ने किसानों की नाक में दम कर रखा है. लगातार फसलें उजड़ने से आक्रोशित किसानों ने गुरुवार दोपहर कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर और बाइक लगाकर जाम लगाने का प्रयास किया. सूचना पर मदनापुर पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई. किसानों की मांग थी कि बर्बाद फसल का मुआवजा दिया जाए और गोशालाओं से बाहर निकलने वाले गोवंशों पर स्थायी रोक लगे.

किसानों ने कहा- कई एकड़ फसल चौपट हो गई

रामनगर के किसान सुखराज पुत्र बलदेव सिंह, मिर्जाभानपुर के बलदेव सिंह, लवप्रीत सिंह, जरमल सिंह, अर्शदीप सिंह और मंजीत सिंह सहित कई अन्नदाताओं ने बताया कि उनके खेतों में कई बार गोवंश घुस चुके हैं. इससे कई एकड़ धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है. गुस्साए किसान बलदेव सिंह ने यहां तक कह दिया कि अगर मुआवजा नहीं मिला तो वे फांसी लगाकर जान देने को मजबूर हो जाएंगे.

गौशाला की टूटी जाली से बाहर निकलते हैं गोवंश

किसानों का आरोप है कि गौशाला का गेट और टूटी जाली से गोवंश बाहर निकल आते हैं. गौशालाओं में साफ-सफाई भी नहीं है. नालियों में गंदगी और कीड़े पड़े हैं. किसानों का आरोप है कि देखभाल के बजाय कई बार गेट खोलकर जानवरों को बाहर छोड़ दिया जाता है, जो सीधे खेतों में जाकर फसल रौंद देते हैं.

बीडीओ ने जांच के बाद मुआवजे का दिया आश्वासन

मामला बढ़ता देख प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर जाम खुलवाया. बाद में किसानों की बात खंड विकास अधिकारी डॉ. इंद्र कुमार शुक्ला से कराई गई. बीडीओ ने स्वीकार किया कि जाली टूटने से कुछ गोवंश बाहर निकले थे, जिससे नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि मुआवजे की मांग को राजस्व विभाग को भेज दिया गया है. राजस्व टीम मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाएगी. यदि नियमानुसार मुआवजे का प्रावधान होगा तो भुगतान कराया जाएगा.

सुधार नहीं हुआ तो फिर आंदोलन की चेतावनी

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल किसानों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया है और कानून-व्यवस्था सामान्य है. किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर गौशाला की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे फिर आंदोलन करेंगे.

Must Read- "तुम नीची जाति के हो, भागो यहाँ से" लखीमपुर खीरी के स्कूल में मासूम से बदसलूकी, क्या यही है शिक्षा का मंदिर?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >