शाहजहांपुर में जर्जर स्कूल की बीम गिरने से शिक्षामित्र की मौत, बेटी की शादी तय होने के बाद घर में पसरा मातम

शाहजहांपुर के एक प्राथमिक विद्यालय में जर्जर भवन गिराने के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ. स्कूल में तैनात शिक्षामित्र सुखपाल कश्यप भवन की भारी बीम के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में बरेली में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Shahjahanpur School Accident: शाहजहांपुर में गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के कुबेर गौटिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को जर्जर भवन गिराए जाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. भवन की भारी बीम अचानक गिरने से उसके नीचे दबकर विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र सुखपाल कश्यप की मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बताया गया कि सुखपाल कश्यप की एक बेटी की शादी हाल ही में तय हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं.

जर्जर भवन गिराने के दौरान हुआ हादसा

कुबेर गौटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन काफी समय से जर्जर हालत में था. मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे विभागीय निर्देश पर जर्जर भवन को गिराने का काम चल रहा था. इसी दौरान विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र सुखपाल कश्यप, निवासी धुबला करीमनगर, लंच ब्रेक के दौरान मौके पर चल रहे काम को देखने पहुंच गये.

अचानक ऊपर आ गिरी भारी बीम

इसी बीच जर्जर भवन की एक भारी बीम अचानक भरभराकर सुखपाल कश्यप के ऊपर गिर गयी. बीम के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बीम हटाकर उन्हें बाहर निकाला.

बरेली में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में सुखपाल कश्यप को उपचार के लिए बरेली ले गये. यहां सिद्धिविनायक अस्पताल में उनका इलाज शुरू किया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुखपाल कश्यप को मृत घोषित कर दिया.

बेटी की शादी तय होने के बाद घर में छाया मातम

सुखपाल कश्यप अपने पीछे पत्नी शीला देवी, चार बेटे और तीन बेटियों को छोड़ गये हैं. एक बेटे और एक बेटी की शादी पहले हो चुकी है, जबकि एक बेटी की शादी हाल ही में तय हुई थी. बेटी की शादी की तैयारियों के बीच सुखपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे के बाद जर्जर भवन को गिराने के दौरान अपनाये गये सुरक्षा इंतजामों और पूरी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: पापा मुझे माफ कर देना, मेरे साथ गलत हुआ है... मैं मरने जा रही हूं, लापता होने से पहले आया बेटी का ऑडियो

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >