Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. अतिबारा चौराहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चली गई जान
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मदनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हार चचोरा उर्फ मोहनिया निवासी अमर सिंह के रूप में हुई है. वहीं, घायल बाइक सवार कटरा थाना क्षेत्र के हुलास नगला निवासी हरिराम उर्फ महेंद्र हैं. बताया गया कि दोनों बाइकें आमने-सामने से आ रही थीं. इसी दौरान अतिबारा चौराहा के पास दोनों की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
सड़क पर पड़ा रहा घायल, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायल हरिराम उर्फ महेंद्र की मदद करने की कोशिश की. बताया गया कि घायल काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा. कुछ समय बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. इसके बाद घायल को जलालाबाद के नगरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया.
परिजन निजी वाहन से ले गए अमर सिंह का शव
हादसे की जानकारी मिलने पर अमर सिंह के परिजन मौके पर पहुंच गए. इसके बाद वे शव को निजी वाहन से अपने साथ ले गए. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की वजह पता लगाने में जुट गई. दोनों बाइकों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
