UP News: आजमगढ़ में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है.
हाईवे पर अचानक पलटी स्कूल बस
हादसा देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसही मोड़ तिराहे के पास वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. जामिया फैजेआम स्कूल, देवगांव की बस रोज की तरह बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में बैठे बच्चे अपनी सीटों से इधर-उधर गिर पड़े.
मौके पर मची अफरा-तफरी
बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बचाव अभियान शुरू कराया.
9 वर्षीय छात्र की गई जान
हादसे में गंभीर रूप से घायल 9 वर्षीय यूनुस बेलाल खान, निवासी बनारसपुर गांव, को तत्काल लालगंज के 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
घायलों का इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया. हादसे में घायल अन्य बच्चों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
- खूशबू कुमारी की रिपोर्ट
