Prayagraj Airport: प्रयागराज से देश के बड़े शहरों की हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रयागराज एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा रही है. इसका फायदा खास तौर पर मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद आने-जाने वाले यात्रियों को मिलेगा. विमानन कंपनियां अक्टूबर से अपने फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव करने जा रही हैं.
इंडिगो की चार अतिरिक्त सेवाएं शुरू होंगी
इंडिगो एयरलाइंस 25 अक्टूबर से सप्ताह में चार अतिरिक्त दिन उड़ानों का संचालन शुरू करेगी. तय शेड्यूल के अनुसार सोमवार और बुधवार को मुंबई, मंगलवार को हैदराबाद और शुक्रवार को बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त उड़ान उपलब्ध होगी. इसके बाद बुधवार को प्रयागराज से मुंबई के लिए दो फ्लाइट मिलेंगी. इससे यात्रियों के लिए टिकट की उपलब्धता बढ़ेगी. हालांकि, इंडिगो ने प्रयागराज से भुवनेश्वर जाने वाली गुरुवार की फ्लाइट को फिलहाल बंद करने का फैसला लिया है.
अकासा एयर भी बढ़ाएगी मुंबई की उड़ान
अकासा एयर भी यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई रूट पर अपनी सेवा बढ़ाने जा रही है. एक अक्टूबर से मुंबई के लिए रोजाना उड़ान संचालित की जाएगी. फिलहाल शनिवार को यह सेवा उपलब्ध नहीं होती है, लेकिन अक्टूबर में सप्ताह के सभी सातों दिन फ्लाइट चलेगी. हालांकि, नवंबर से यह उड़ान सप्ताह में छह दिन ही संचालित होगी.
त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगा फायदा
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, उड़ानों की संख्या बढ़ने से त्योहारी सीजन में सफर करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. अतिरिक्त उड़ानों से सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और व्यस्त समय में यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिल सकेंगे. इससे मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाले यात्रियों का हवाई सफर पहले के मुकाबले आसान और सुगम होने की उम्मीद है.
