UP Politics: यूपी की राजनीति उस समय गरमा गई, जब पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक तीखा पोस्ट साझा किया. अपने पोस्ट में राजभर ने एक मौलाना के कथित बयानों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा और उन पर वोट बैंक की राजनीति के लिए चुप्पी साधने का आरोप लगाया. पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
यूपी के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि यदि अखिलेश यादव वास्तव में यदुवंशी परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था रखते हैं, तो उन्हें उन लोगों के खिलाफ खुलकर बोलना चाहिए जो भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण सपा नेतृत्व ऐसे मामलों में मौन रहते हैं, जिससे समाज के लोगों में नाराजगी है.
भगवान श्रीकृष्ण के मुद्दे को बनाया केंद्र
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में दावा किया कि एक मौलाना लगातार भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित बयान दे रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी की ओर से कोई कड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई. उन्होंने इसे आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि धार्मिक प्रतीकों और आराध्यों पर टिप्पणी करने वालों के प्रति नरमी नहीं बरती जानी चाहिए.
वोट बैंक की राजनीति का लगाया आरोप
अपने पोस्ट में पंचायती राज मंत्री ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार दिखाई देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए कुछ नेताओं द्वारा ऐसे मुद्दों पर चुप्पी साध ली जाती है, जबकि समाज उनसे स्पष्ट रुख की अपेक्षा करता है. राजभर ने यह भी कहा कि प्रदेश और देश का यादव समाज इस पूरे घटनाक्रम को देख रहा है.
महाराजा सुहेलदेव का किया उल्लेख
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में महाराजा सुहेलदेव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष का उदाहरण प्रस्तुत किया था. राजभर ने उनके साहस और योगदान का हवाला देते हुए कहा कि कभी आजमा लीजिएगा, अगर महाराज सुहेलदेव जी के सम्मान पर कभी बात आई तो पूरा राजभर समाज ऐसा सबक सिखाएगा कि ऐसे मौलानाओं की पीढ़ियां याद रखेंगी.
राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर नजर
राजभर के इस पोस्ट के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, इस मामले पर समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, राजभर के इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. ओम प्रकाश राजभर के X अकाउंट के कमेंट बॉक्स में इसे लेकर जुबानी जंग तेज हो गयी है.
यह भी पढ़ें: 2027 से पहले सपा में सियासी भूचाल! ओमप्रकाश राजभर का दावा, अखिलेश काटेंगे चाचा शिवपाल का टिकट
