UP Crime News : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. छपार थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी 4 सितंबर की रात घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी. आरोप है कि रास्ते में तीन युवकों ने उसे जबरन उठा लिया और गांव के ही एक युवक के घर ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया.
मंदिर जाते समय किशोरी को जबरन उठाने का आरोप
आरोप के मुताबिक, 14 वर्षीय किशोरी जन्माष्टमी की रात मंदिर जा रही थी. इसी दौरान गांव के ही समीर ने अपने दो साथियों वलीन और सलमान के साथ मिलकर उसे रास्ते से जबरन उठा लिया. इसके बाद तीनों उसे समीर के घर ले गए. आरोप है कि वहां समीर ने एक कमरे में किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया.
बदहवास हालत में आरोपी के घर मिली किशोरी
किशोरी के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान वह आरोपी समीर के घर पर बदहवास हालत में मिली. इसके बाद किशोरी ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई. पीड़ित परिवार उसे लेकर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
स्वामी यशवीर महाराज ने की एनकाउंटर की मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना को लेकर योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के फुल एनकाउंटर और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है.
मंत्री कपिल देव अग्रवाल पहुंचे पीड़ित परिवार के घर
घटना के बाद यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने परिवार से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया. मंत्री ने बड़े अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं.
Also Read : यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने कसी कमर, 20 सितंबर से शुरू होगा चुनावी दौर, इन जिलों पर नजर
