UP Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पहले जिस मौत को सांप के डसने से हुई प्राकृतिक घटना माना जा रहा था, वह अब एक सुनियोजित हत्या की साजिश के रूप में सामने आई है. पुलिस ने दावा किया है कि युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर जहरीले सांप का इस्तेमाल कर पति की हत्या कराई. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये की बीमा राशि बड़ा कारण रहे.
सांप के डसने की कहानी पर शुरू से था पुलिस को शक
मृतक की पहचान 35 वर्षीय अतुल पंवार के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर के रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करता था. दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति को सांप के काटने की बात कहकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल पर पुलिस को अतुल के बिस्तर में एक सांप भी मिला, लेकिन कमरे की स्थिति और अन्य परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं. इसी आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गहन जांच शुरू कर दी.
मोबाइल की जांच ने खोल दी पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने दामिनी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की. इसमें स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से उसके लगातार संपर्क सामने आए. पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गुरुवार रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं. जब वह गहरी नींद में चला गया तो तुषार ने सोनू और उदय की मदद से जहरीले सांप को कमरे में लाकर कंबल में छोड़ दिया. सांप ने अतुल को डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
20 लाख की बीमा राशि भी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. आरोप है कि बीमा की रकम मिलने के बाद सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था. इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार करीब 20 दिन पहले भी तुषार ने अतुल की कार में टक्कर मारकर उसकी हत्या की कोशिश की थी. हालांकि हेलमेट पहनने के कारण वह बच गया था. पहली कोशिश नाकाम होने के बाद आरोपियों ने सांप के जरिए हत्या की नई योजना बनाई.
मोबाइल में मिला डिब्बे में बंद सांप का फोटो
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में ही पुलिस को मामला संदिग्ध लगा था. तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल फोन की जांच से दामिनी और तुषार के बीच लगातार बातचीत के साक्ष्य मिले. पूछताछ के दौरान पूरी साजिश का खुलासा हो गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी बरामद हुई है. बरामद सांप को परीक्षण के लिए भेजा गया है, जबकि मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है.
चंद घंटों में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियों ने शुरुआत से ही कई सवाल खड़े किए थे. तकनीकी सर्विलांस, डिजिटल साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया गया. फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कानपुर में एक महिला HIV पॉजिटिव, स्टाइल के लिए बनवाया टैटू, डॉक्टरों ने युवाओं को किया अलर्ट
