UP Election 2022: कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अपनी दूसरी लिस्ट गुरुवार को जारी कर दी है. कांग्रेस ने अरशद राणा की पत्नी को भी टिकट दिया है. अरशद राणा ने मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया.
बता दें, अरशद राणा बसपा से टिकट न मिलने पर शहर कोतवाली में फूट-फूटकर रोए थे. इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था. वह मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा क्षेत्र से टिकट कटने से आहत थे. अरशद राणा का आरोप है कि पार्टी के एक वरिष्ठ नेता शमशुद्दीन राईन ने दो साल पहले उनसे टिकट के लिए 67 लाख रुपये की मांग की थी.
अरशद राणा ने बताया था कि वह 24 साल से बसपा में हैं. उन्हें 2018 में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए औपचारिक रूप से प्रत्याशी घोषित किया गया था. वह तभी से पार्टी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पार्टी की ओर से कोई उचित जवाब नहीं मिला. अब उनसे 50 लाख रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है. वह पहले ही साढ़े चार लाख रुपये दे चुके हैं.
बता दें कि अरशद राणा चरथावल विधानसभा क्षेत्र के दधेडू गांव के रहने वाले हैं. वे लंबे समय से बसपा से टिकट पाने की कोशिश कर रहे थे. एक दिन पहले बसपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चरथावल विधानसभा सीट से पूर्व गृह राज्यमंत्री और कांग्रेस नेता सैयदुज्जमां के पुत्र सलमान सईद को प्रत्याशी घोषित किया, जिसके बाद से ही अरशद आहत थे.
दरअसल, कांग्रेस ने गुरुवार को 41 प्रत्याशियों की नई सूची जारी की. इसमें बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर व बागपत के 24 नाम शामिल हैं. कांग्रेस ने किसान आंदोलन से चर्चा में आईं पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज पूनम पंडित को बुलंदशहर की स्याना सीट से प्रत्याशी बनाया है.
Posted By: Achyut Kumar
