UP News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी CO अशोक कुमार सिंह को लेकर शुरू हुआ मूंछों का विवाद एक बार फिर चर्चा में है. पहले मूंछों पर ताव देते हुए अखिलेश यादव का नाम लेने वाला उनका वीडियो वायरल हुआ था. अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसी मामले पर ऐसा तंज कसा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोग भी हंस पड़े.
पत्रकार के सवाल पर अखिलेश ने ली चुटकी
दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने अखिलेश यादव से मैनपुरी CO के मूंछों पर ताव देने को लेकर सवाल किया. पूछा गया कि इस पूरे मामले पर उनका क्या कहना है? अखिलेश यादव ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “उसकी मूंछें बहुत छोटी थीं.” इसके बाद उन्होंने कहा कि मूंछें हों तो नत्थूलाल जैसी हों, छोटी मूंछ पर क्या ताव देना. उनके इस जवाब के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच ठहाके लग गए.
जिस वीडियो से शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना से जुड़ा है. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पीड़ित परिवार और सपा समर्थक विरोध कर रहे थे. इसी दौरान CO सिटी अशोक कुमार सिंह परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो बनाए जाने से नाराज CO ने अपनी वर्दी की नेमप्लेट दिखाई और मूंछों पर ताव देते हुए कहा था कि वीडियो बना लो, वायरल कर देना और अखिलेश यादव को दे देना. वायरल वीडियो में उनके इस अंदाज की काफी चर्चा हुई.
अखिलेश ने पहले सोशल मीडिया पर भी साधा था निशाना
वीडियो सामने आने के बाद अखिलेश यादव ने इसे अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने लिखा था कि “सिर पर सत्ता-सजातीय हाथ है, इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है.” साथ ही उन्होंने कहा था कि ऐसे लोगों से इंसाफ की उम्मीद क्या होगी और यह कुछ दिनों की बात है, क्योंकि बदलाव दस्तक दे रहा है. उन्होंने कहा था कि वह निलंबन की मांग नहीं करेंगे.
बीजेपी ने भी किया था पलटवार
अखिलेश यादव के बयान के बाद बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई थी. बीजेपी ने मूंछों को शौर्य और शूरवीरता की पहचान बताते हुए अखिलेश पर पलटवार किया था. पार्टी की ओर से कहा गया था कि बहादुर पुलिस अधिकारी की छवि को इस तरह निशाना बनाना ठीक नहीं है.
अब फिर सुर्खियों में आया ‘मूंछ’ विवाद
पहले CO अशोक सिंह का वीडियो और फिर अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पोस्ट से यह मामला राजनीतिक बहस का हिस्सा बना था. अब अखिलेश के “मूंछें बहुत छोटी थीं” वाले जवाब ने पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है. इस बार मामला किसी लंबे राजनीतिक बयान के बजाय एक छोटे से मजाकिया तंज की वजह से चर्चा में है.
