लखनऊ में भाजपा नेता की चोरी हुई भैंस बरामद, महज 48 घंटे में ही पुलिस ने कर दिया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

लखनऊ की निगोहां पुलिस ने महज 48 घंटे में भैंस चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है. मुखबिर की सूचना और 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी हुई दो भैंसें बरामद की गई हैं.

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने चोरी हुई भैंसों के मामले का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. निगोहां थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई दो भैंसों को बरामद कर लिया है. हालांकि चोरी की घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

बीजेपी नेता के भतीजे की थी एक भैंस

मामला निगोहां थाना क्षेत्र के बाजपेई खेड़ा गांव का है. पुलिस के मुताबिक गांव निवासी अभिषेक शुक्ला और पश्चिम गांव निवासी वंश दीपक अवस्थी की भैंसें चोरी हो गई थीं. इनमें से एक भैंस बीजेपी नेता और ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला के भतीजे अभिषेक शुक्ला की थी. भैंस चोरी होने की सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित की.

150 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए इलाके के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई. इसी दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले. पुलिस ने जंगल-मंगल तिराहे के पास से बाराबंकी निवासी राजन को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में सामने आया पूरा मामला

पुलिस पूछताछ में राजन ने भैंस चोरी की वारदात कबूल कर ली. उसने बताया कि उसने अपने दो साथियों दिलीप उर्फ छोटू और देवराज के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दोनों भैंसों को बरामद कर लिया. वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजन का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं. पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है.

ब्लॉक प्रमुख ने पुलिस टीम को किया सम्मानित

मामले के सफल खुलासे के बाद बीजेपी नेता और ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने निगोहां पुलिस टीम की सराहना की. उन्होंने थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार समेत पुलिस टीम के सदस्यों को अंगवस्त्र और मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी हुई भैंसें वापस मिल सकीं और पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज में वाराणसी-मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की कोशिश, ट्रैक पर रखा मिला लोहे का रॉड


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >