UP News: लखीमपुर खीरी के धौरहरा तहसील में घाघरा नदी में मछली पकड़ने गए 25 वर्षीय युवक के साथ बुधवार को ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को दहला दिया. माथुरपुर गांव निवासी नीरज छोटी नाव पर सवार होकर नदी में गया था. इसी दौरान घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक नाव पर हमला कर उसे गहरे पानी में खींच लिया. घटना के बाद से नीरज लापता है. सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
कौन है पीड़ित?
पीड़ित की पहचान माथुरपुर गांव निवासी नीरज (उम्र 25 साल) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर नीरज अपनी छोटी नाव से घाघरा नदी में गया था. इसी दौरान घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उस पर अचानक हमला बोल दिया. घटना की खबर लगते ही गांव में चीख-पुकार मच गई. पीड़ित के पिता तेजी ने फौरन प्रशासन को सूचना दी. जानकारी मिलते ही तहसीलदार धौरहरा आदित्य विशाल, क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव और पढुआ थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, अभी तक खाली हाथ
प्रशासन ने तत्काल गोताखोरों की टीम को नदी में उतारा. वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. शाम 4 बजे तक नीरज का सुराग नहीं लग पाया था. तहसीलदार ने पुष्टि की है कि रेस्क्यू अभियान जारी है.
गांव में मातम, किनारे बैठे हैं परिजन
हादसे के बाद से माथुरपुर गांव में सन्नाटा पसरा है. नीरज के परिजन नदी किनारे टकटकी लगाए उसके लौटने की उम्मीद में बैठे हैं. पूरे इलाके में इस घटना से दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि घाघरा में मगरमच्छों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन इस तरह की घटना ने सबको हिला कर रख दिया है.
