UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार को बीच सड़क उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड और एक महिला के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. महिला ने बीच सड़क पर होमगार्ड की वर्दी पकड़ ली और उसके साथ थप्पड़, लात और घूंसों से मारपीट शुरू कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, इस पूरे मामले को लेकर महिला और पुलिस की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं.
नेशनल हाईवे अंडरपास के पास मचा हंगामा
यह घटना थाना गुजैनी क्षेत्र में कारगिल पेट्रोल पंप के सामने स्थित नेशनल हाईवे अंडरपास के पास हुई. उस समय होमगार्ड ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात था. इसी दौरान किसी बात को लेकर महिला उससे उलझ गई. पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. वायरल वीडियो में महिला होमगार्ड की वर्दी पकड़कर उसे थप्पड़, लात और घूंसे मारती नजर आ रही है. अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे.
विवाद की वजह पर दो अलग-अलग दावे
इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि विवाद की वजह को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. महिला का आरोप है कि होमगार्ड ने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की, जिसके विरोध में उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया. वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक विवाद की शुरुआत सड़क पर गलती से हुई एक टक्कर के बाद हुई. पुलिस का कहना है कि टक्कर के बाद महिला नाराज हो गई और उसने होमगार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी. फिलहाल दोनों दावों की जांच की जा रही है.
चेहरा ढका होने से पहचान में जुटी पुलिस
घटना के वायरल वीडियो में महिला ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा है. यही वजह है कि उसकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी. पुलिस वीडियो के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है. सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
तहरीर का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है. पुलिस का कहना है कि जैसे ही किसी पक्ष से तहरीर मिलेगी, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, वाटर टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से 2 मजदूरों की मौत
