UP News: जौनपुर में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से स्कूल वैन पलट गई. हादसे में वैन सवार सात बच्चे घायल हो गए. इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है. हादसा मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास हुआ.
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन करीब नौ बच्चों को लेकर मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही निजी बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वैन सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पलटी हुई वैन से बच्चों को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया. हादसे में आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) घायल हुए हैं. सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज भेजा गया.
तीन बच्चों को जिला अस्पताल भेजा गया
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं, अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी सुजानगंज में किया गया. हादसे की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली.
बस पुलिस की हिरासत में
हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर अपने बच्चों का हाल जाना. थानाध्यक्ष गजानन चौबे ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार चल रहा है. हादसे में शामिल बस को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
