IPS अधिकारी की मां की हत्या के बाद चार पुलिस की टीमों ने गांव में डाला डेरा, मर्डर का राज 2 दिन बाद भी नहीं सुलझा

UP Crime News: अंबेडकरनगर में एक IPS अधिकारी की 91 वर्षीय मां की हत्या ने हड़कंप मचा दिया है. घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस हत्यारे तक नहीं पहुंच पाई है. महिला के शरीर से सोने के जेवर भी गायब मिले हैं, जिससे जांच का दायरा बढ़ गया है. पुलिस की चार टीमें इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं.

UP Crime News: अंबेडकरनगर में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की हत्या की गुत्थी दो दिन बाद भी नहीं सुलझ सकी है. पैतृक गांव रूढ़ा धमरुआ में हुई इस वारदात से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं. बुजुर्ग महिला के शरीर से सोने के जेवर गायब मिले हैं. ऐसे में पुलिस की जांच का फोकस हत्या और जेवर गायब होने के बीच के कनेक्शन पर है. चार पुलिस टीमें गांव में डेरा डालकर हत्यारे तक पहुंचने के लिए सुराग जुटा रही हैं.

चार पुलिस टीमों ने गांव में डाला डेरा

मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में मंगलवार को पुलिस की सक्रियता बढ़ गई. गांव में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. पुलिस घर और उसके आसपास की परिस्थितियों को भी बारीकी से खंगाल रही है. जांच के दौरान मृतका की नौकरानी प्यारी देवी, परिवार के करीबी रिश्तेदारों और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था.

जेवर गायब होने से गहराया शक

इंद्रावती के गले से सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील और कान के टप्स गायब मिले. पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी शव पर नहीं थी. जेवरों के गायब होने ने जांच को अहम मोड़ दिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जेवर कब और कैसे गायब हुए. साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति घर की स्थिति और बुजुर्ग की दिनचर्या से कितना परिचित था.

क्या किसी करीबी ने की हत्या?

पुलिस इस संभावना को भी खारिज नहीं कर रही कि वारदात को किसी परिचित या करीबी ने अंजाम दिया हो. घर की स्थिति और घटना से जुड़े तमाम पहलुओं को देखते हुए इस दिशा में भी पूछताछ की जा रही है. हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे हत्यारे तक सीधे पहुंचा जा सके. संदिग्धों से पूछताछ के साथ घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जांच जारी है.

शनिवार को मां से मिलने पहुंचे थे IPS अधिकारी

मालीपुर के रूढ़ा धमरुआ गांव निवासी इंद्रावती पिछले करीब दो सप्ताह से अपने पैतृक घर में अकेली रह रही थीं. शनिवार शाम उनके बेटे और पुलिस मुख्यालय लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा भी मां से मिलने पहुंचे थे. मुलाकात के बाद वह वापस चले गए थे. रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोन किया. उन्होंने बताया कि इंद्रावती को हार्ट अटैक आया है और उनकी मौत हो गई है. बाद में शरीर से जेवर गायब मिलने पर मामला संदिग्ध हो गया. इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज कर दी.

घरों के बाहर चर्चा, भीतर सवालों का सिलसिला

रूढ़ा धमरुआ गांव की गलियां मंगलवार को भी सामान्य नहीं थीं. घरों के बाहर लोगों के बीच इंद्रावती की मौत की चर्चा होती रही. 91 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. हर चौखट पर एक ही सवाल है—आखिर इतनी बुजुर्ग महिला के साथ ऐसा किसने और क्यों किया?गांव में पुलिस की बढ़ी मौजूदगी ने लोगों की बेचैनी और बढ़ा दी है. घर के आसपास पुलिसकर्मी तैनात हैं. आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. ग्रामीण चाहते हैं कि पुलिस जल्द से जल्द हत्या का सच सामने लाए. साथ ही उनका कहना है कि केवल शक के आधार पर किसी निर्दोष को आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए.

हाईप्रोफाइल मामला, पुलिस पर बढ़ा दबाव

मामला इसलिए भी हाईप्रोफाइल है क्योंकि मृतका के बेटे IPS अधिकारी हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती की ओर से मामले पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ा है. अब कांग्रेस ने भी मामले को लेकर सरकार पर घेराबंदी की तैयारी की है. बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के IPS अधिकारी के घर पहुंचने की बात सामने आई है.

हत्यारे तक पहुंचने के लिए हर एंगल पर जांच

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि इंद्रावती की हत्या किसने की और वारदात के पीछे असली वजह क्या थी. जेवर गायब होने से लूट का एंगल सामने आया है. वहीं, पुलिस परिचित व्यक्ति की भूमिका समेत हर पहलू की जांच कर रही है. चार पुलिस टीमें गांव में डटी हैं. संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुलिस की नजर गांव में आने-जाने वाले लोगों पर भी है. अब देखना है कि बुजुर्ग इंद्रावती की हत्या का राज कब खुलता है और पुलिस हत्यारे तक कब पहुंचती है.

Also Read: 2.80 लाख की रिश्वत लेते यूपी के 4 पुलिसकर्मी गिरफ्तार, राजस्थान ACB ने ऐसे बिछाया जाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >