UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक जा रही बस में चालक और कंडक्टर ने नाबालिग के साथ वारदात को अंजाम दिया. घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है. पीड़िता की शिकायत के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस को भी जब्त कर लिया गया है.
घर से नाराज होकर भाई के पास नोएडा आ रही थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मैनपुरी जिले के एक गांव की रहने वाली है और स्थानीय सरकारी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है. छात्रा ने बताया कि 3 अगस्त को पढ़ाई को लेकर मां की डांट से वह नाराज हो गई थी. अगले दिन 4 अगस्त को वह घर से बिना बताए नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने के लिए निकल गई. नोएडा पहुंचने के दौरान भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई.
खाली स्लीपर बस में बैठी, सेक्टर-63 जाने की बात कही गई
पीड़िता के अनुसार, परी चौक पर उसे एक बस दिखाई दी. उसने बस को रुकवाकर कंडक्टर से सेक्टर-63 जाने के बारे में पूछा. आरोप है कि कंडक्टर ने उसे बताया कि बस उसी दिशा में जा रही है, जिसके बाद वह बस में सवार हो गई. छात्रा ने पुलिस को बताया कि बस के अंदर कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था. आरोप के मुताबिक, बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी और बाद में चालक भी इस वारदात में शामिल हो गया.
47 किलोमीटर तक चलती रही बस, पर्दों के कारण अंदर नहीं दिखा दृश्य
जांच में सामने आया है कि बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चली. बस स्लीपर होने और उसकी सीटों पर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर का दृश्य स्पष्ट नहीं दिखाई देता था. पुलिस के अनुसार, आरोपी बस की मरम्मत के बाद खाली बस लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना से जुड़े स्थानों और बस के रूट की जांच शुरू कर दी है. जब्त की गई बस को फॉरेंसिक जांच के लिए भी भेजा गया है.
कश्मीरी गेट के पास उतारकर फरार हुए आरोपी, पार्किंग से गिरफ्तार
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसे कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए. घबराई छात्रा ने बाद में कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया और आरोपियों की तलाश शुरू की. दोनों आरोपियों को तिमारपुर इलाके की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी देखें: राम मंदिर के नाम मिला 4 करोड़ का चेक, बैंक पहुंचते ही सामने आया ऐसा राज कि हर कोई रह गया हैरान, बैंक भेजेगा नोटिस
