UP News: हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में एक युवक की ऐसी हरकत सामने आई है, जिसने वहां रहने वाले लोगों को हैरान कर दिया. गाजियाबाद की शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी में एक शख्स लिफ्ट के अंदर पेशाब करता CCTV कैमरे में कैद हुआ है. हैरानी की बात यह रही कि लिफ्ट कई मंजिलों पर रुकी, दरवाजे खुले, लेकिन शख्स ने अपनी हरकत नहीं रोकी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
लिफ्ट में घुसते ही करने लगा पेशाब
जानकारी के मुताबिक, मामला सोमवार शाम का है. शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी के एफ-2 टावर की लिफ्ट में एक शख्स दाखिल हुआ. इसके बाद उसने लिफ्ट के अंदर ही पेशाब करना शुरू कर दिया. पूरी घटना लिफ्ट में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
कई मंजिलों पर खुले लिफ्ट के दरवाजे, फिर भी नहीं रुकी हरकत
CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि लिफ्ट अलग-अलग मंजिलों पर रुकती है और दरवाजे भी खुलते हैं. इसके बावजूद शख्स लिफ्ट के अंदर पेशाब करता रहा. कुछ देर बाद वह अपनी मंजिल पर उतरा और वहां से चला गया.
बदबू से परेशान हुए सोसाइटी के लोग
घटना के बाद लिफ्ट में तेज दुर्गंध फैल गई. इसके बाद कई लोगों ने सोसाइटी की RWA और मेंटेनेंस विभाग से शिकायत की. शिकायत मिलने पर CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना सामने आ गई. बाद में एक निवासी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
RWA ने युवक की पहचान की
CCTV फुटेज के आधार पर युवक की पहचान किए जाने की बात सामने आई है. सोसाइटी की RWA ने कहा कि युवक को समझाया जाएगा और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी दी जाएगी. RWA का कहना है कि लिफ्ट समेत सोसाइटी की सभी साझा सुविधाएं सभी निवासियों के लिए हैं और उनकी साफ-सफाई व मर्यादा बनाए रखना जरूरी है.
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर भड़के लोग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि हाईराइज सोसाइटी में बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों को रोजाना इन साझा सुविधाओं का इस्तेमाल करना पड़ता है. ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत से दूसरे निवासियों को परेशानी होती है.
CCTV ने खोल दी पूरी कहानी
इस मामले में खास बात यह है कि अगर लिफ्ट में CCTV कैमरा नहीं होता तो शायद युवक की हरकत सामने नहीं आती. फिलहाल सोसाइटी प्रबंधन की ओर से युवक को समझाने और ऐसी घटना दोबारा न होने देने की बात कही गई है.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की बड़ी छोटी खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
