UP Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में 30 वर्षीय आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है.
दूध लेने गई थी किशोरी, रास्ते में आरोपी ने रोका
जानकारी के मुताबिक, घटना 15 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है. मृतका की मां मंजू का आरोप है कि उनकी बेटी खुशी घर से पास की दुकान पर दूध लेने गई थी. इसी दौरान आरोपी शहनवाज उसे जबरन अपने साथ ले गया. परिजनों का आरोप है कि आरोपी किशोरी को एक इमारत की चौथी मंजिल पर ले गया और वहां से नीचे धक्का दे दिया. गंभीर रूप से घायल किशोरी की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.
कई हफ्तों से कर रहा था पीछा, रंजिश का आरोप
मृतका के परिवार का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि आरोपी काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था. मां मंजू के मुताबिक, शहनवाज पिछले कई सप्ताह से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करने की कोशिश करता था. परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर आरोपी और खुशी के बीच विवाद भी हुआ था. इस दौरान किशोरी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था. परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शहनवाज ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़ीं, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों और परिजनों के आरोपों के आधार पर एफआईआर में हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं. आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
घटना से इलाके में सनसनी
नाबालिग किशोरी की मौत की इस घटना ने गाजियाबाद में सनसनी फैला दी है. परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: खंडहरों में छिपा है 1000 साल पुराना राज. गोमती किनारे की यह इमारत क्यों कहलाती है 'प्राचीन बंदरगाह?
