पत्नी को मायके ले जाने से भड़का पूर्व फौजी, बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर साले पर बरसाईं गोलियां, प्रतापगढ़ में भीड़ ने पेड़ से बांधकर पीटा

UP Crime News: प्रतापगढ़ में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. एक पूर्व सैनिक ने अपनी बहन को मायके ले जाने से नाराज़ होकर अपने साले पर लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चला दीं. भीड़ ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा.

UP Crime News: पत्नी को मायके ले जाना एक पूर्व सैनिक को इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने ही साले पर गोलियों की बौछार कर दी. प्रतापगढ़ के कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि पूर्व सैनिक कपिलदेव यादव सेना की वर्दी और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर मेडिकल स्टोर पर पहुंचा और अपने 40 वर्षीय साले देवेंद्र पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ कई गोलियां चला दीं. गोली लगने से देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

बहन की शिकायत पर उसे लेने पहुंचा था भाई

बताया जा रहा है कि कपिलदेव यादव और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ वर्षों से विवाद चल रहा था, इसी विवाद को लेकर पत्नी ने अपने मायके वालों से शिकायत की थी. इसके बाद उसका भाई देवेंद्र अपनी बहन को ससुराल से मायके ले आया. देवेंद्र बहन को लेकर मदाफरपुर बाजार स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर पहुंचा था. दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान पर बैठा ही था कि कपिलदेव वहां पहुंच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कपिलदेव सेना की वर्दी और बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए था.

मेडिकल स्टोर पर पहुंचते ही निकाल ली पिस्टल

आरोप है कि कपिलदेव ने वहां पहुंचते ही देवेंद्र को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोलियां चलने से बाजार में भगदड़ मच गई. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. फायरिंग में देवेंद्र को कई गोलियां लगीं, इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा. बाजार में मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया.

आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटा

गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़ने के बाद पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को लोगों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया. उधर, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

परिवार का विवाद बना खूनी संघर्ष

इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि घरेलू विवाद किस तरह देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल सकता है, जिस बहन को उसका भाई विवाद के बीच ससुराल से मायके लेकर आया था, उसी बात को लेकर जीजा ने कथित तौर पर अपने साले पर गोलियां चला दीं. एसपी दीपक भूकर ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. आरोपी को हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में योगी का विपक्ष पर हमला: मिसाइल दुबई में गिर रही थी, चिल्लाहट यहां मची थी, बोले- विदेश में किसका पैसा लगा है?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >