UP News : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट पर सोमवार तड़के गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जल भरने से पहले स्नान करने पहुंचे एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार कांवड़िये गहरे पानी में डूब गए. हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने चारों की तलाश शुरू कर दी है. तेज बहाव के कारण दोपहर तक उनका पता नहीं चल सका था.
पांच बाइकों से पांचाल घाट पहुंचे थे कांवड़िये
जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर जिले के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव के अर्जुन (17) समेत करीब 10 लोग रविवार देर रात पांच बाइकों से पांचाल घाट पहुंचे थे. सभी कांवड़ लेकर गंगाजल भरने आए थे. सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे सभी उत्तरी बंधा के पास स्नान करने पहुंचे. कुछ साथी बाइक के पास खड़े रहे, जबकि बाकी लोग गंगा में स्नान करने लगे.
रोकने के बावजूद गहरे पानी में चले गए
बताया गया कि योगेश, विकास, कमल और अर्जुन धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर जाने लगे. घाट पर मौजूद उनके साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने. कुछ ही देर बाद चारों गहरे पानी में गोते खाने लगे. उन्हें डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में चारों पानी में लापता हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं एसपी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से जानकारी ली. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी चारों की तलाश में लगाया गया. गंगा में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. दोपहर तक चारों कांवड़ियों का कोई पता नहीं चल सका था.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही चारों युवकों के परिजन पांचाल घाट पहुंच गए. योगेश हाईस्कूल का छात्र था. वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था. उसकी मां सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था. इंटरमीडिएट के बाद वह आईटीआई कर रहा था. वहीं कमल तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके बड़े भाई गुड्डू और अवनीश हैं. उसकी मां विमला देवी बेटे के गंगा में डूबने की खबर के बाद बदहवास हैं.
पानी बताशे का ठेला लगाते थे युवक
बताया गया कि देवेश, विकास और अर्जुन पानी बताशे का ठेला लगाते थे. गांव का विक्की भी उनके साथ कांवड़ यात्रा में आया था और उस समय घाट पर स्नान कर रहा था.
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि गंगा में डूबे चारों लोगों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में जाने से रोका जाता है. पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और तेज बहाव वाले गहरे पानी में जाने से बचें.
Also Read : नवोदय विद्यालय के खाने में मिला मरा मेंढक, थाली छोड़कर भागे बच्चे, जानें पूरा मामला
