Chitrakoot Road Accident: चित्रकूट में 15 अगस्त का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने बाइक सवार समेत पांच लोगों को रौंद दिया. हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो स्कूली बच्चों के होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन शव बुरी तरह कुचल जाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है. वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया जा रहा है.
दो बच्चों की पहचान नहीं
अस्पताल के डॉक्टर हारून के मुताबिक, मृतकों में दो स्कूली बच्चों के शामिल होने की आशंका है. दोनों की हालत इतनी गंभीर है कि फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है. डॉक्टर ने बताया कि शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं और चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है. पुलिस और अस्पताल प्रशासन मृतकों की पहचान कराने में जुटे हैं.
तीन घायल प्रयागराज रेफर
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज रेफर करने की तैयारी की है. पुलिस हादसे की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों बच्चे किस स्कूल के छात्र थे.
