शाहजहांपुर में सांप के डसने से मासूम की मौत, अगले ही दिन किशोर को डसा, सांप को पिता ने मारकर जलाया

शाहजहांपुर के रजपुरी गांव में सांप के डसने से नौ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. पिता ने सांप को मारकर जला दिया. अगले ही दिन एक किशोर को भी सांप ने डस लिया, जिससे गांव में दहशत है.

UP News: शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र के रजपुरी गांव में सांप के डसने से नौ वर्षीय मासूम की मौत हो गई. गुरुवार तड़के रंजीत घर में सो रहा था. करीब चार बजे उसकी मां शिल्पी ने उसे तख्त के नीचे बेसुध हालत में देखा. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. परिजन आनन-फानन उसे शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने बाद में झाड़-फूंक भी कराई, लेकिन मासूम की जान नहीं बच सकी.

हरियाणा से लौटे पिता ने सांप को मारकर जलाया

रंजीत के पिता छविनाथ मजदूरी के लिए हरियाणा के रेवाड़ी में थे. बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वह शुक्रवार सुबह गांव पहुंचे. इसी दौरान उन्हें घर में सांप दिखाई दिया. छविनाथ ने सांप को पकड़कर मार डाला और बाद में उसे जला दिया. इसके बाद वह मदनापुर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बेटे का पोस्टमार्टम कराने की मांग की.

पोस्टमार्टम से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बच्चे की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. रंजीत चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था. उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

अगले दिन 14 वर्षीय किशोर को भी डसा सांप

रजपुरी गांव में सांप के डसने की एक और घटना शुक्रवार सुबह सामने आई. 14 वर्षीय विमलेश गांव के बाहर बरगद के पेड़ के पास मवेशी बांधने गया था. इसी दौरान सांप ने उसके पैर के अंगूठे में डस लिया. परिजन उसे हैदलपुर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई. लगातार दो दिनों में सांप के डसने की घटनाओं से गांव में दहशत है. ग्रामीण घरों और आसपास के इलाकों में विशेष सावधानी बरत रहे हैं.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

Must Read: UP Paddy MSP 2026: धान बेचने से पहले जान लें नया रेट, 1 क्विंटल पर किसानों को मिलेंगे कितने रुपये? देखें पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >