UPSSSC News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतीक्षा सूची (Waiting List) का प्रावधान करने की अभ्यर्थियों की मांग को समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन मिल गया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं का पक्ष लिया. उन्होंने कहा कि नौकरी के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे बेरोजगार अभ्यर्थियों की यह मांग पूरी तरह वाजिब है और सपा उनके इस संघर्ष में हर तरह से साथ खड़ी है.
वेटिंग लिस्ट से भरे जाएंगे खाली पद
अखिलेश यादव ने अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि UPSSSC की सभी भर्ती प्रक्रियाओं में प्रतीक्षा सूची अनिवार्य रूप से लागू की जानी चाहिए. यदि कोई चयनित अभ्यर्थी अन्य स्थान पर चयन होने या किसी कारणवश पद छोड़ता है, तो मेरिट में ठीक नीचे मौजूद अभ्यर्थी को वह सीट तुरंत आवंटित की जा सकेगी. इससे न केवल लाखों युवाओं का बहुमूल्य समय बचेगा, बल्कि सरकारी विभागों में पद खाली रहने की समस्या का भी त्वरित समाधान संभव होगा.
भाजपा पर साधा निशाना, दिया नया नारा
मौजूदा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार भाजपाइयों के एजेंडे में है ही नहीं. उन्होंने युवाओं की ऊर्जा के व्यर्थ होने पर दुख जताते हुए कहा कि शोषण का शिकार हो रहे ये अभ्यर्थी भी अब पीड़ितों की श्रेणी में आते हैं, और 'जो पीड़ित है, वही पीडीए (PDA) है'. इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार बनने पर इस व्यवस्था को पहली प्राथमिकता के रूप में लागू करने का वचन भी अभ्यर्थियों को दिया.
Must Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकीलों का महासंग्राम, 30 पदों पर 263 दावेदार, जानें कब आएंगे परिणाम
