UP News: आगरा में बिजली की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) ने दीर्घकालिक योजना पर काम शुरू कर दिया है. निगम वर्ष 2026-27 का बिजनेस प्लान तैयार कर रहा है, जिसमें अगले 20 साल की बिजली आपूर्ति का खाका शामिल होगा. योजना के तहत नए बिजलीघर स्थापित करने, मौजूदा बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाने और ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड करने की व्यवस्था की जाएगी. इसका उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भविष्य की मांग के अनुरूप निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है.
कॉलोनियों और उद्योगों के विस्तार से बढ़ रही मांग
आगरा में आवासीय कॉलोनियों का विस्तार, नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास और व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होने से बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है. आबादी बढ़ने के साथ कई इलाकों में बिजलीघर और ट्रांसफार्मर अपनी निर्धारित क्षमता के करीब पहुंच रहे हैं. ऐसे क्षेत्रों में भविष्य में ओवरलोडिंग की समस्या सामने आ सकती है. डीवीवीएनएल ने इस चुनौती से निपटने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की तैयारी शुरू की है. नए बिजलीघरों और क्षमता वृद्धि से आपूर्ति नेटवर्क को मजबूती मिलेगी.
नए बिजलीघरों और अपग्रेडेशन से सुधरेगी आपूर्ति
बिजली व्यवस्था के विस्तार के लिए तैयार किए जा रहे प्लान में मौजूदा संसाधनों का आकलन किया जाएगा. जिन क्षेत्रों में बिजली की मांग अधिक बढ़ने की संभावना है, वहां जरूरत के अनुसार नए बिजलीघर बनाने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा. इससे उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी और ओवरलोडिंग की आशंका कम होगी. डीवीवीएनएल का लक्ष्य भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ऐसा नेटवर्क तैयार करना है, जो शहर और गांवों में लंबे समय तक बिजली की बढ़ती मांग को पूरा कर सके.
