Video : उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास हादसा हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर जा रही स्लीपर बस के ड्राइवर को झपकी आ गई. इसके बाद बस कंट्रोल से बाहर हो गया. बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ पहुंच गई और एक अर्टिगा कार को टक्कर मारते हुए पलट गई. हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कुछ यात्री घायल हुए हैं. हादसे के बाद का वीडियो लोग सोशल मीडिया पर लगातार शेयर कर रहे हैं. देखें वीडियो.
कार में सवार इन 5 लोगों की हुई मौत
पुलिस ने बताया कि कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (छह), अमृता (13) और ड्राइवर विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई. कार में सवार चार अन्य लोगों के अलावा बस में यात्रा कर रहे चार यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बांगरमऊ क्षेत्र के पुलिस सर्किल ऑफिसर हर्ष मोदी ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि बस ड्राइवर को संभवतः झपकी आ गई जिसके कारण यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे के बाद अधिकारियों को दिया निर्देश
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में घायल सभी लोगों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए. साथ ही उन्होंने प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.
यह भी पढ़ें : Video: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर, सात की मौत
