UP News: कानपुर के अनवरगंज इलाके में 16 रुपये में जींस, शर्ट और सूट देने का ऑफर दुकानदार और उसके भाई पर भारी पड़ गया. 15 अगस्त की आधी रात को ऑफर का फायदा उठाने के लिए करीब तीन से चार हजार लोग दुकान के बाहर पहुंच गए. अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अफरा तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई. इस दौरान कई लोग गिरकर घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.
बेटे के जन्मदिन पर किया था अनोखा ऐलान
मामला अनवरगंज के आलम मार्केट का है, जहां रईस आलम की होजरी की दुकान है. 15 अगस्त को उसके बेटे का जन्मदिन था. इसी मौके पर सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो प्रसारित किया गया. इसमें बताया गया कि रात 11:59 बजे से 16 मिनट तक ग्राहकों को केवल 16 रुपये में कोई भी सूट, जींस या शर्ट दी जाएगी. बेहद सस्ते इस ऑफर का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर जमा होने लगे.
भगदड़ के बाद सड़क पर बिखरे जूते चप्पल
आधी रात को दुकान के सामने भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को संभालना मुश्किल हो गया. कम कीमत पर कपड़े लेने की होड़ में लोग एक दूसरे से धक्का मुक्की करने लगे. इसी दौरान भगदड़ मच गई और करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई. हालात बिगड़ते देखकर रईस आलम दुकान बंद कर वहां से निकल गया. भीड़ के हटने के बाद सड़क पर जगह जगह जूते और चप्पल बिखरे नजर आए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.
बिना अनुमति भीड़ जुटाने पर दोनों गिरफ्तार
घटना के बाद अनवरगंज पुलिस ने दुकान मालिक सलमान आलम और उसके भाई रईस आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया. एसीपी मंजय सिंह के अनुसार, बिना अनुमति सोशल मीडिया पर ऑफर का प्रचार किया गया, जिसके कारण हजारों लोगों की भीड़ जमा हुई और कानून व्यवस्था प्रभावित हुई. पुलिस का कहना है कि इसी लापरवाही के चलते भगदड़ की स्थिति बनी. मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है.
यह भी देखें: भाई ने मारे 150 थप्पड़, 15 एंटी-वेनम से बची जान, सांप के डसते ही बिगड़ी थी 21 साल के अरुण की हालत
