Varun Gandhi Tweet Attack: यूपी की पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार पर हमला कर दिया है. वरुण गांधी ने ताजा हमला अग्निपथ योजना में लगातार हो रहे बदलावों को लेकर बोला है. वरुण ने इसको लेकर ट्वीट किया है कि जिस तरह से इसमें कुछ घंटों के भीतर ही लगातार बदलाव किए गए हैं. उससे जाहिर होता है कि योजना बनाते समय सभी बिंदुओं को ध्यान में नहीं रखा गया.
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है, ‘अग्निपथ योजना’ को लाने के बाद महज कुछ घंटे के भीतर इसमें किए गए संशोधन यह दर्शाते हैं कि संभवतः योजना बनाते समय सभी बिंदुओं को ध्यान में नहीं रखा गया. इससे पहले उन्होंने एक ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘सैन्य अभ्यर्थियों के इस संघर्ष में मैं हर कदम पर उनके साथ खड़ा हूं. आप सभी से विनम्र निवेदन है कि धैर्य से काम लें और ‘लोकतांत्रिक मर्यादा’ बनाए रखते हुए अपने ज्ञापन विभिन्न माध्यमों से सरकार तक पहुंचाये. ‘सुरक्षित भविष्य’ हर युवा का अधिकार है! न्याय होगा.’
‘पहले प्रहार, फिर विचार’
वहीं, आज उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जब देश की सेना, सुरक्षा और युवाओं के भविष्य का सवाल हो तो ‘पहले प्रहार फिर विचार’ करना एक संवेदनशील सरकार के लिए उचित नहीं. वहीं, 16 जून को वरुण गांधी ने अपने लेटर पैड पर लिखा एक पत्र जारी कर राजनाथ सिंह से अपील की थी. इस पत्र को ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा था कि आदरणीय राजनाथ सिंह, ‘अग्निपथ’ योजना को लेकर देश के युवाओं के मन में कई सवाल हैं. युवाओं को असमंजस की स्थिति से बाहर निकालने के लिए सरकार अतिशीघ्र योजना से जुड़े नीतिगत तथ्यों को सामने रख कर अपना पक्ष साफ करें, जिससे देश की युवा ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग सही दिशा में हो सके.’
