Rourkela News : रेलवे ट्रैक पर आया 21 हाथियों का झुंड, 2 घंटे 20 मिनट प्रभावित रेलमार्ग

बुधवार सुबह 4 बजकर 40 मिनट से लेकर 7 बजे तक रेल यातायात प्रभावित रहा

Rourkela News : कोयल नदी के पास रिऊ नदी घाट से मंगल-बुधवार की रात 21 हाथियों का एक झुंड बंडामुंडा के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. इससे रेल यातायात दो घंटे 20 मिनट तक प्रभावित रहा. वहां से इन हाथियों को खदेड़ने के बाद उनके बिसरा ब्लाॅक के संतोषपुर के पास जंगल की ओर चले जाने की सूचना के बाद ही रेल यातायात सामान्य हो पाया. जानकारी के अनुसार मंगल-बुधवार की रात करीब 2 बजे कोयल नदी के रिऊ नदी घाट से निकलकर 21 हाथियों का एक झुंड भेजाडी होते हुए पुगराबहाल गांव की ओर निकला था . इसका पता चलने पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया. इसी दौरान हाथियों का झुंड भटकते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल के एलीफेंट जोन अंतर्गत बंडामुंडा ए केबिन और पी केबिन के बीच रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया. सुबह करीब 6 बजे रेलवे ट्रैक के समीप हाथियों के देखे जाने की पुष्टि होने पर रेलवे प्रशासन ने एहतियातन ए केबिन और पी केबिन के पास मालगाड़ियों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया. इस दौरान चीफ डीटीआइ रसानंद बारिक भोर से सुबह तक वहां जम रहे. वहीं कोचिंग ट्रेनों को सुरक्षा के मद्देनज़र डाउन लाइन से डायवर्ट कर चलाया गया. हाथियों की मौजूदगी के कारण सुबह 4 बजकर 40 मिनट से लेकर 7 बजे तक रेल यातायात प्रभावित रहा. लगभग 2 घंटे 20 मिनट के बाद हाथियों के सुरक्षित रूप से क्षेत्र से हट जाने पर रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों का परिचालन पुनः सामान्य कर दिया.अब हाथियों का झुंड संतोषपुर के पास जंगल में होने की सूचना है. इस दौरान किसी प्रकार की जान-माल की नुकसान की सूचना नहीं हुआ है. वन विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil kumar jsr

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >